यहां भागवत सुनकर घर लौटे तो मृत मिली वृद्ध पत्नी, गला कसकर जेवर व दो हजार रुपए ले गए बदमाश

खबर शेयर करें

फर्रुखाबाद में वृद्धा की अंगौछे से गला कसकर हत्या कर दी गई। बदमाश वृद्धा के गले में पहना हुआ पैंडल पायल और दो हजार रुपए ले गए। घटना के समय पति और बेटी गांव में ही भागवत सुनने गए हुए थे। लौटकर आए तो घटना का पता चला।

फर्रुखाबाद: भागवत सुनकर घर लौटे तो मृत मिली वृद्ध पत्नी, गला कसकर जेवर व दो हजार रुपए ले गए बदमाश
घटना स्थ्ल पर पहुंचकर जांच करती पुलिस व मृतका की फाइल फोटो।

यहां रात में घर के अंदर सो रही वृद्धा की बदमाशों ने गला दबाकर हत्या कर दी और नकदी व जेवर लूट लेे गए। रात में भागवत कथा सुनकर लौटे उनके पति और बेटी ने जब घर में कोई हलचल नहीं देखी तो दीवार कूद कर अंदर गए तो घटना की जानकारी हुई। रात में ही पुलिस अधिकारी पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। साक्ष्य और सुराग जुटाने के लिए फारेंसिक टीम भी जांच कर रही है।

शहर कोतवाली के गांव कलार नगला निवासी 65 वर्षीय गायत्री देवी उर्फ प्रेमा देवी रात में गांव में ही अपने मकान में सोई थीं। देर रात पति नत्थूलाल राजपूत गांव में चल रही भागवत कथा सुनने चले गए थे। नत्थूलाल की विवाहित पुत्री नन्ही देवी भी इन दिनों यहां आई हैं। वह भी कथा सुनने गई थीं। गायत्री देवी के पुत्र रामवीर राजपूत व रमेश राजपूत स्वजन के साथ दूसरे मकान में रह रहे हैं। नत्थूलाल मध्यरात्रि वापस लौटे तो दरवाजा नहीं खुला। उन्होंने घर जाकर पुत्र रामवीर को जगाया। रामवीर ने दरवाजे पर पहुंचकर मां को पुकारा, लेकिन अंदर से कोई हलचल नहीं हुई। इसके बाद वह दीवार फांदकर अंदर गए तो मच्छरदानी अलग पड़ी थी। चारपाई पर गायत्री देवी का शव पड़ा था। उनके गले में अंगौछे का फंदा कसा था। उन्होंने दरवाजा खोला तो अन्य स्वजन भी आ गए, जिससे कोहराम मच गया। आसपास के लोग भी जाग गए। नत्थूलाल ने बताया कि बदमाश गायत्री देवी के कुंडल, चांदी की पायलें, गले से सोने का पैंडल व झोले में रखे दो हजार रुपये लूट ले गए। घटना की सूचना यूपी 112 को दी गई, जिसके बाद कोतवाली प्रभारी विनोद शुक्ल, सीओ सिटी प्रदीप सिंह, फोरेंसिक टीम, एसओजी प्रभारी बलराज भाटी व मोबाइल सर्विलांस प्रभारी जेपी शर्मा आदि पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि नत्थूलाल की तहरीर पर हत्या व जेवर, नगदी चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है। 

कई मोबाइल नंबरों की लोकेशन खंगाल रही पुलिस

एसओजी व सर्विलांस प्रभारी ने गायत्री देवी के दोनों पुत्रों व अन्य स्वजनों के मोबाइल नंबर भी नोट किए। गांंव के कुछ अन्य संदिग्धों के भी मोबाइल नंबर लिए गए हैं। पुलिस उनका लोकेशन खंगाल रही है। नत्थूलाल के परिवारिक ओमप्रकाश राजपूत के यहां भागवत कथा का पांचवां दिन था। कथा दिन और रात में होती है। कुछ युवक भागवत कथा का मोबाइल से वीडियो भी बना रहे थे। पुलिस वीडियो कब्जे में लेने का प्रयास कर रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि हत्यारोपित परिचित था। गायत्री देवी व उनके पति नत्थूलाल जिस घर में रहते हैं, वहां उनके मवेशी बंधते हैं। बाड़ानुमा घर में टिनशेड व फूस के छप्पर पड़े हैं। हत्यारोपित को पहचान होने का डर था। इसीलिए उसने गायत्री देवी की हत्या की होगी। गायत्री देवी के भाई जगदीश राजपूत का परिवार भी गांव में दशकों से रह रहा है।

More News Updates