कैलास मानसरोवर में चट्टान दरकने से यात्रा मार्ग बंद

खबर शेयर करें

धारचूला/ मुनस्यारी पिथौरागढ़ : एक दिन चटक धूप खिलने के बाद गुरुवार को फिर मौसम ने रंग बदल दिया है। उच्च हिमालय में भारी हिमपात हो रहा है। कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग पेलसीता के बाद बारूदी विस्फोट से पहाड़ दरक गया है। उच्च हिमालय में गर्बाधार-लिपुलेख मार्ग पर छियालेख से लिपुलेख के बीच ग्यारह स्थानों पर ग्लेशियर खिसक कर आ चुके हैं। बीआरओ मार्ग से बर्फ हटाने में जुटा है। दारमा मार्ग दर से आगे मिलम मार्ग रिलको से आगे बंद है। चीन सीमा का सम्पर्क कटा हुआ है। जिले भर में दिन में आसमान में बादलों की आवाजाही रही। उच्च और उच्च हिमालय में घने बादल छाए हैं।

बुधवार को जिले में उच्च हिमालय से लेकर मध्य हिमालय तक मौसम साफ रहा। दिन भर चटक धूप खिली। गुरुवार सुबह भी मौसम साफ था धूप खिली परंतु पूर्वांह 11 बजे तक उच्च हिमालय में घने बादल छा गए जिले के अन्य भू भागों में भी बादलों की आवाजाही होने लगी। इस दौरान हवाएं चलने से तापमान में भी कमी आ गई।