आज बांके बिहारी मंदिर में ठाकुरजी खेल रहे हैं होली, जानें

खबर शेयर करें

मथुरा समेत पूरे ब्रज मंडल में होली का उत्सव सोमवार को धूमधाम से मनाया जा रहा है। ब्रज में बीते कई हफ्तों से मंदिरों में होली के उत्सव का आयोजन हो रहा है। लेकिन आज रंगभरी एकादशी के मौके पर वृंदावन स्थित बांके बिहारी मंदिर में ठाकुरजी भक्तों संग जमकर होली खेल रहे हैं। बड़ी संख्या में सुबह से ही भक्त अपने आराध्य के साथ होली खेलने के लिए लालायित थे। श्रृंगार आरती और राजभोग सेवा के बाद ठाकुरजी को रंग लगाने के साथ ही शुरू हुआ उत्सव पूरे रंग में दिखाई दे रहा है। देशभर से आए श्रद्धालु पूरी तरह से कान्हा की भक्ति के रंग में रंगे हुए नजर आ रहे हैं। वृंदावन में बांके बिहारी मंदिर के साथ-साथ राधा रमण मंदिर और कई देवस्थानों पर जमकर होली खेली जा रही है।

रजत सिंहासन पर बैठे हैं ठाकुरजी
रंगभरी एकादशी के अवसर पर सोमवार को ब्रज मंडल के तमाम मंदिरों में भक्तों ने जमकर होली खेली जा रही है। बांके बिहारी मंदिर में ठाकुरजी सफेद रंग की पोशाक पहने हुए रजत सिंहासन पर बैठकर भक्तों को दर्शन दे रहे हैं। इस पंरपरा के बाद ही मंदिर में रंग वाली होली का शुभारंभ हो जाएगा। मंदिर में टेसू के रंगों के साथ-साथ चंदन, अबीर गुलाल, चोवा से होली जा रही है। साथ ही होली के लिए दो सौ किलो टेसू के फूल मंगाए गए थे।
40 दिनों तक चलती है होली
बांके बिहारी मंदिर में होली एकदाशी से शुरू होकर पूर्णिमा तक खेली जाती है। बता दें कि ब्रज में करीब 40 दिनों तक होली मनाई जाती है। इसकी शुरुआत बसंत पंचमी से ही हो जाती है। बसंत पंचमी को बांके बिहारी मंदिर में गुलाल उड़ाने से साथ ही ब्रज में होली का आगाज हो जाता है। उसके बाद रंगभरी एकादशी पर भगवान भक्तों के साथ होली खेलते हैं।
जानिए आमलकी एकादशी से लेकर होलिका दहन और धुलैंडी तक का महत्व
5 दिनों तक चलेगी मंदिर में होली
भक्त सुबह से ही अपने आराध्य के दर्शनों के लिए बड़ी संख्या में बांके बिहारी मंदिर पहुंच रहे हैं। जहां ठाकुरजी की श्रृंगार आरती के बाद सेवायतों ने ठाकुरजी की ओर से श्रद्धालुओं पर जमकर गुलाल उड़ाया। परंपरा के अनुसार श्रीबांकेबिहारी मंदिर में रंगभरी एकादशी से गुलाल और रंग की होली की शुरुआत हो जाती है, जो 5 दिनों तक होली तक चलती है। रंगभरी एकादशी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु वृंदावन की पंचकोसीय परिक्रमा भी करते हैं, जो आज की जा रही है। परिक्रमा के सारे इंतजाम पुलिस और प्रशासन ने पूरे कर लिए गए हैं।