भोपाल के इस हनुमान मंदिर में दूर-दूर से अर्जी लगाने आते हैं भक्‍त, आज लगेगा सिद्ध सरकार का दरबार

खबर शेयर करें

राजधानी के नेहरू नगर में स्‍थित श्री अर्जी वाले हनुमान मंदिर की ख्‍याति दूरू-दूर तक है। यहां बजरंगबली के दरबार में भक्‍तगण आकर अपने दुख, समस्‍या के निवारण अथवा किसी इच्‍छा की पूर्ति के लिए आकर अर्जी लगाते हैं। मान्‍यता है कि बजरंगबली के दरबार में अर्जी लगाने से व्‍यक्‍ति की मनोकामना पूरी होती है। यहां हनुमान जन्‍मोत्‍सव पर विशेष धार्मिक अनुष्‍ठान होते हैं। गुरुवार से यहां गणेश पूजन पंचांग पूजन के साथ श्री हनुमान जी का जन्मोत्सव का शुभारंभ हुआ। संपूर्ण विश्व की शांति एवं जनमानस के कल्याण के संकल्प के साथ श्री रामचरितमानस अखंड पाठ हवन के साथ शुरू हुआ। श्रीरामचरितमानस रामायण का पाठ इस तरह का सिर्फ राजधानी के इसी मंदिर में होता है। जहां पर प्रत्येक चौपाई, छंद, सोरठा, दोहा के साथ आहुति छोड़ी जाती है और 27 घंटे से अधिक लगातार हवन आहूति डाली जाती हैं। यह मानस पाठ शुक्रवार दोपहर दो बजे तक चला। शाम पांच से श्री राम नाम संकीर्तन शुरू हो गया, जो रात तक चलता रहा। हनुमान जन्मोत्सव के मौके पर चैत्र शुक्‍ल पूर्र्णिमा को यानी कल सुबह चार बजे से श्री अर्जी वाले हनुमान जी महाराज का महाभिषेक शुरू हुआ। सुबह सात बजे चोला श्रृंगार किया गया, जो निरंतर 10:30 बजे तक जारी रहेगा। दोपहर 12 बजे तक भक्‍तगण अर्जी लगाएंगे।
सिद्ध सरकार के दरबार में उमड़ेगा आस्‍था का सैलाब

राजधानी भोपाल के इस मंदिर में श्री हनुमान भक्तों की श्रद्धा देखते ही बनती है। यहां पर देश-दुनिया के लोग इंटरनेट मीडिया पर भी अर्जी लगाते हैं। आज हनुमान जन्‍मोत्‍सव के मौके पर दोपहर में यहां श्री सिद्ध सरकार का दरबार लगेगा, जहां हजारों की संख्‍या में अर्जियां लगाई जाएंगी। जीवों की सुनवाई भी होगी। यहां पर अर्जी लगाने का नियम है। पांच मंगलवार या पास शनिवार भक्तों को दर्शन करने आना पड़ता है। जो भक्त नहीं आ पाते हैं, वह आनलाइन दर्शन करते हैं। दिव्य दरबार लगेगा, जिसमें भक्त अपने प्रश्नों को सिद्ध सरकार के सामने रखेंगे। श्री हनुमान जी महाराज के परम भक्त पंडित नरेंद्र दीक्षित सिद्ध महाराज भक्तों के प्रश्न के उत्तर देंगे। भक्त सिर्फ अपना नाम बताएंगे। सब कुछ गुरुजी खुद बोलेंगे। उपस्थित भक्तों को अपना नाम, गोत्र बताना पड़ता है। उसके बाद गुरुदेव उनके प्रश्नों का उत्तर देते हैं। उनकी अर्जी पूरी होगी। हनुमान जन्मोत्सव के दिन देश-दुनिया के हजारों भक्‍त बजरंगबली के दरबार में आनलाइन जुड़ेंगे। राजधानी भोपाल के इस मंदिर में भक्तगण अपनी समस्याओं के निवारण, मनोकामना पूर्ति हेतु पत्र लिखकर अर्जी लगाते हैं।