यहां अपनी शादी का कार्ड बांटकर लौट रहे युवक की मौत

खबर शेयर करें



कौशांबी में कनैली गांव के पास अपनी और बहन की शादी का कार्ड बांटकर बाइक पर लौट रहे 22 वर्ष के मानव सरोज को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल ले जाने पर उसकी सांस थम गई

अपनी शादी का कार्ड बांटकर लौट रहे युवक की मौत, कौशांबी में बाइक में तेज रफ्तार गाड़ी की टक्कर
मानव की मौत के बाद परिवार और रिश्ते की महिलाएं दिन भर रोती बिलखती रहीं

प्रयागराज, जेएनएन। इसे ही अनहोनी कहते हैं जो परिवार को गहरा सदमा देती है। कौशांबी जनपद के सराय अकिल थाना क्षेत्र में कनैली गांव के पास अपनी और बहन की शादी का कार्ड बांटकर बाइक पर लौट रहे 22 वर्ष के मानव सरोज को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों की सूचना पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने उसे प्रयागराज के निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। युवक की मौत पर परिजनों में कोहराम मच गया।

एक ही दिन थी बहन की शादी और भाई का तिलकोत्सव

झडियां का पुरवा निवासी मुरली सरोज के मजदूरी करते हैं। उनके पांच बच्चों में सबसे बड़ा बेटा दिलीप, दूसरे नंबर पर मक्खन, तीसरे पर सोनू जो शादीशुदा है, चौथे नंबर का पुत्र मानव और छोटी बेटी गुड़िया है। इनमें गुडिया की शादी की तैयारी चल रही थी। गुड़िया की शादी मेडरहा गांव में राजा के बेटे मनोज के साथ होनी थी। 2 मई को बारात आनी थी। बेटी का तिलक लेकर परिवार को आज बृहस्पतिवार को जाना था। इसके अलावा मुरली के चौथे नंबर के बेटे मानव का भी विवाह करारी क्षेत्र के अहमदीपुर निवासी सुरेंद्र सरोज की बेटी के साथ होना था। उसका तिलकोत्सव 2 मई को बहन की शादी वाले दिन दिन होना था लेकिन कुदरत को कुछ और ही मंजूर था।

कार्ड देकर लौट रहा था, घर पहुंची दुखद खबर

गुडिया और मानव की शादी की तैयारी पूरी हो चुकी थी। आज गुरुवार को गुडि़या का तिलक जाना था इसलिए घर में रिश्तेदार जुट गए थे। घर में हंसी खुशी का माहौल था। बुधवार शाम मानव अपनी और बहन की शादी का कार्ड बांटने गया था। घर में परिवार के लोग उसका इंतजार कर रहे थे। रात में लौटते समय गांव के पास उसकी बाइक में किसी गाड़ी ने टक्कर मार दी। राहगीरों से पता चलने पर पुलिस और परिवार के लोग मानव को अस्पताल ले गए लेकिन उसकी जान नहीं बची। अब खुशियों वाले घर में विलाप गूंज रहा है। माता-पिता समेत रिश्ते की महिलाएं बिलख रही हैं।