कहीं पापा की परियां तो कहीं मम्मी के लाडले भी चुनावी प्रचार मे सक्रिय, इन दिग्गजों की पत्नियां भी जुटी है चुनाव प्रचार में….. पढ़ें खबर

खबर शेयर करें

उत्तराखंड में चल रहे विधानसभा चुनाव प्रचार में प्रत्याशी तो जमकर पसीना बहा ही रहे हैं। इसके साथ ही उनके परिजन भी मैदान में डटे हुए हैं। कहीं पत्नियों ने मोर्चा संभाल रखा है। तो कहीं बेटे और बेटियों के हाथ में चुनावी मैनेजमेंट है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पत्नी ने खटीमा में चुनाव प्रबंधन संभाल रखा है। सीएम धामी अपनी सीट से अधिक प्रदेश में दूसरी सीटों पर प्रचार में अधिक व्यस्त हैं।

ऐसे में प्रचार प्रबंधन का जिम्मा पत्नी के ऊपर है। नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह के चुनाव में भी बेटा अभिषेक सिंह मोर्चा संभाले हुए हैं। प्रीतम पर भी अपनी सीट के अलावा दूसरी सीटों पर भी प्रचार का जिम्मा है। ऐसे में चकराता की किलेबंदी के जिम्मे को अभिषेक संभाले हुए हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की श्रीनगर विधानसभा सीट पर प्रचार में उनकी बेटियां हाथ बंटा रही हैं।


उनकी दोनों बेटियां प्रचार में जुटी हैं। श्रीनगर सीट पर ही भाजपा प्रत्याशी धन सिंह रावत की पत्नी ने भी प्रचार की कमान संभाल रखी है। वे श्रीनगर समेत आस पास के गांवों में प्रचार में जुटी हुई हैं। कैंट विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी सविता कपूर के प्रचार में बेटे अमित कपूर ने मोर्चा संभाल रखा है। मसूरी सीट पर भाजपा प्रत्याशी गणेश जोशी की बेटी नेहा जोशी प्रचार में जुटी हुई हैं।

राजपुर सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमार के बेटे निखिल कुमार ने बूथ मैनेजमेंट संभाला हुआ है। कालाढूंगी विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी बंशीधर भगत के बेटे चुनाव प्रचार में पिता के साथ खड़े हैं। सोमेश्वर में काबीना मंत्री रेखा आर्य के पति पूरी शिद्दत के साथ गिरधारी साहू चुनाव की कमान देख रहे हैं।


यहां ससुर के हाथ में है कमान
लैंसडोन विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी अनुकृति गुसाईं के प्रचार की कमान उनके ससुर पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत के हाथ में है। प्रचार से लेकर बूथ मैनेजमेट, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाने का पूरा जिम्मा हरक संभाले हुए हैं। हरक पर पूरे प्रदेश में प्रचार का जिम्मा था, लेकिन दूसरी सीटों पर चंद सभाओं को छोड़ कर हरक पूरी तरह लैंसडोन पर ही फोकस किए हुए हैं।
पिता पुत्र और बेटी की जोड़ी भी मैदान में
इस विधानसभा चुनाव में पिता पुत्र और पिता पुत्री की जोड़ी भी मैदान में है। पूर्व सीएम हरीश रावत लालकुंआ से मैदान में हैं। उनकी पुत्री अनुपमा रावत हरिद्वार ग्र्रामीण से चुनाव लड़ रही हैं। कांग्रेस में ही यशपाल आर्य बाजपुर से और उनके पुत्र संजीव आर्य नैनीताल सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। उत्तराखंड जन एकता पार्टी के अध्यक्ष पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश धनाईं नई टिहरी सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। उनके पुत्र कनक धनाईं ऋषिकेश विधानसभा से मैदान में हैं।