मां-बेटी से दुष्कर्म के आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर, अब इनाम घोषित करने की तैयारी

खबर शेयर करें

हरिद्वार। महिला और उसकी छह वर्ष की बेटी के साथ दुष्कर्म के नामजद आरोपी पर पुलिस इनाम घोषित करने की तैयारी कर रही है। आमजन से भी पुलिस ने अपील की है कि यदि कोई भी दुष्कर्म से जुड़ी सूचना पुलिस को देता है तो उसको उचित इनाम दिया जाएगा। सूचना देने वाले का नाम पता और पहचान पुलिस पूरी तरह से गुप्त रखेगी।
24 जून को कलियर निवासी महिला अपनी छह वर्षीय बेटी के साथ रुड़की आ रही थी। रात के वक्त कार सवार सोनू निवासी रुड़की ने मां बेटी को लिफ्ट देने के लिए कार रोकी थी। कार में सोनू के तीन-चार और साथी भी मौजूद थे। महिला के अनुसार रास्ते में कार रोककर गन्ने के खेत में उससे और बेटी से दुष्कर्म किया गया। गंभीर हालत में पुत्री को सिविल अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सोनू निवासी रुड़की के खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया था। एसपी देहात प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि सोनू निवासी रुड़की के खिलाफ इनाम घोषित करने की तैयारी चल रही है। यदि कोई भी मामले से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचना देना है तो उचित इनाम दिया जाएगा। पहचान गुप्त रखी जाएगी।

दरिंदगी के बाद सिविल अस्पताल में डॉक्टरों ने सर्जरी के बाद बच्ची को भर्ती कर लिया था। बच्ची की हालत पर अस्पताल स्टाफ और पुलिस नजर बनाए हुए हैं। रविवार को विवेचना अधिकारी करुणा रौंकली ने अस्पताल पहुंचकर बच्ची की हालत जानी। बताया जा रहा है कि फिलहाल बच्ची की हालत में सुधार है।


इधर, मां-बेटी से दुष्कर्म की घटना के बाद से पुलिस मामले की हर एंगल से जांच में जुटी है। महिला के संपर्क में रहने वाले लोगों के बारे में पुलिस गहनता से जांच करने में लगी है। झुग्गी झोपड़ी में रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। ई रिक्शा चालकों से भी मंगलौर सीओ पंकज गैरोला थाने पहुंचकर पूछताछ कर चुके हैं। अपने स्तर से भी स्थानीय थाना पुलिस मामले को लेकर जानकारी जुटी रही है। सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस ने कलियर की खाक छानी, ताकि कोई अहम जानकारी हाथ लग सके।