सर्वसम्मति से पहली महिला विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी, पढ़ें पूरी खबर….

खबर शेयर करें

उत्तराखंड की पांचवीं विधानसभा के अध्यक्ष पद पर कोटद्वार से भाजपा विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण को निर्विरोध चुन लिया गया है। वह राज्य की पहली महिला विधानसभा अध्यक्ष हैं। प्रोटेम स्पीकर बंशीधर भगत की अध्यक्षता में ऋतु खंडूड़ी भूषण सर्वसम्मति से विधानसभा की अध्यक्ष चुनी गईं।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने ऋतु खंडूड़ी को शुभकामनाएं दी। उन्‍होंने कहा कि राज्य विधानसभा की पहली महिला अध्यक्ष चुने जाने पर मैं उन्‍हें बधाई देता हूं। वह सदन को अच्छे से चलाएंगी और उनके नेतृत्व में हमारी विधानसभा नया इतिहास रचेगी।

सदन के वरिष्ठ विधायकों ने ऋतु खंडूड़ी भूषण को पदभार कराया ग्रहण। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी सदन में मौजूद रहे। नव निर्वाचित विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने सदन को संबोधित किया। इस दौरान उन्‍होंने निर्विरोध चुने जाने पर सदन के सभी सदस्यों का धन्यवाद किया।

निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता साफ

विधानसभा अध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया गुरुवार को प्रारंभ हुई। पहले दिन भाजपा विधायक खंडूड़ी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उनकी कैबिनेट के सदस्यों की उपस्थिति में नामांकन दाखिल किया। शुक्रवार को नामांकन के अंतिम दिन निर्धारित समयावधि तक अन्य किसी उम्मीदवार ने पर्चा नहीं भरा। 

विधानसभा में भाजपा के विधायकों की संख्या 47

यद्यपि, कांग्रेस ने गुरुवार देर शाम ही विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए अपना प्रत्याशी न उतारने की घोषणा कर दी थी। यह बात अलग है कि निर्वाचन की स्थिति आने पर भी खंडूड़ी की जीत तय थी, क्योंकि 70 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के विधायकों की संख्या 47 है।

राज्य गठन के बाद यह पहला अवसर

शनिवार सुबह 11 बजे विधानसभा के सभामंडप में खंडूड़ी के निर्वाचन की घोषणा प्रोटेम स्पीकर भगत ने की। इसके बाद खंडूड़ी अध्यक्षीय पीठ पर आसीन हुईं। राज्य गठन के बाद यह पहला अवसर है, जब कोई महिला विधायक विधानसभा अध्यक्ष बनी हैं।

उधर, विधानसभा अध्यक्ष के पद पर खंडूड़ी का निर्विरोध निर्वाचन तय होने के बाद से उन्हें शुभकामनाएं देने का क्रम जारी है। शुक्रवार को विधायक हास्टल स्थित आवास पर खंडूड़ी को बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।

महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष कंचन ठाकुर की अगुआई में मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने खंडूड़ी का अभिनंदन किया। इस अवसर पर खंडूड़ी ने कहा कि उनका विधानसभा अध्यक्ष बनना राज्य की सभी महिलाओं का सम्मान है। विधानसभा अध्यक्ष के रूप में राज्य की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का वह पूरा प्रयास करेंगी।

गौरतलब है कि वर्ष 2000 से उत्तराखंड विधानसभा में स्व प्रकाश पंत, यशपाल आर्य, स्व हरबंस कपूर, गोविंद सिंह कुंजवाल तथा प्रेमचंद अग्रवाल अध्यक्ष पद पर पीठासीन रहे हैं। वहीं स्व काजी मोहिउद्दीन, स्व हरबंस कपूर, मातवर सिंह कंडारी, डाक्‍टर शैलेंद्र मोहन सिंघल व बंशीधर भगत प्रोटेम स्पीकर नियुक्त हुए हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी की बेटी हैं ऋतु

ऋतु खंडूड़ी उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी की बेटी हैं। प्रदेश के नैनीताल में 29 जनवरी 1965 को उनका जन्म एक फौजी परिवार में हुआ था। उन्होंने मेरठ के रघुनाथ गर्ल्स कॉलेज से ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है। इसके बाद राजस्थान विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएशन किया। उन्होंने पत्रकारिता में डिप्लोमा भी हासिल किया है।

साल 2006 से लेकर 2017 तक उन्होंने नोएडा की एमिटी यूनिवर्सिटी में फैकल्टी के रूप में भी काम किया है। ऋतु खंडूड़ी लंबे समय से समाजसेवा में भी एक्टिव रही हैं। साल 2017 के चुनाव में उन्होंने बीजेपी के टिकट पर यमकेश्वर सीट से चुनाव लड़ा था और जीत दर्ज की थी। इस साल 2022 के चुनाव में कोटद्वार से जीत हासिल की।