भाजपा-कांग्रेस के जल्द प्रत्याशियों के नामों की हो सकती है घोषणा

खबर शेयर करें

उत्तराखंड में अब आचार संहिता लग चुकी है जिसके बाद कम समय और कोविड की पाबंदियों को देखते हुए भाजपा और कांग्रेस जल्द प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर देंगे। एक-दो दिन के भीतर दोनों ही पार्टियों की पहली सूची जारी हो जाएगी। इस सूची में उन सीटों पर स्थिति साफ हो जाएगी जहां विरोध नहीं है या फिर पार्टी संबंधित प्रत्याशी के लिए मन बनाए बैठी है। ऊधमसिंह नगर जिले की बात करें तो ऐसी सीटों में खटीमा, सितारगंज, किच्छा, रुद्रपुर, गदरपुर और जसपुर शामिल हैं। खटीमा की बात करें तो यहां से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भाजपा से और कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष भुवन कावड़ी का कांग्रेस से टिकट फाइनल है।

नानकमत्ता में असमंजस की स्थिति है। वहीं सितारगंज में भाजपा के सौरभ बहुगुणा और कांग्रेस से नारायण पाल का टिकट फाइनल हो चुका है। इसी तरह किच्छा में भाजपा से राजेश शुक्ला और कांग्रेस से कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष तिलक राज बेहड़ का नाम फाइनल है। रुद्रपुर में भाजपा के टिकट पर असमंजस है, लेकिन कांग्रेस से मीना शर्मा का टिकट तय माना जा रहा है। गदरपुर में भाजपा से शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे और कांग्रेस से प्रेमानंद महाजन का टिकट लगभग तय है। काशीपुर में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही असमंजस की स्थिति में हैं। वहीं बाजपुर में भी असमंजस बना हुआ है। जसपुर में भाजपा से शैलेंद्र मोहन सिंघल का और कांग्रेस से मौजूदा विधायक आदेश चौहान का टिकट फाइनल है।